उन्नाव। नेशनल हाईवे-31 की सर्विस लेन के बीचों-बीच लगे विद्युत पोल आखिरकार हटाए जाने शुरू हो गए हैं। ये पोल सड़क निर्माण पूरा होने के बावजूद लंबे समय से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए थे। दो दिन पहले इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। यह मामला बीघापुर थाना क्षेत्र के पास स्थित नेशनल हाईवे-31 की सर्विस लेन का है। हाईवे निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी कई विद्युत पोल सड़क के ठीक बीच में खड़े रह गए थे। इससे सर्विस लेन से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। 3 तस्वीरें देखिए… स्थानीय लोगों का कहना था कि रात के समय ये पोल बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन सकते थे। क्षेत्रीय नागरिकों और वाहन चालकों ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें भी की थीं, लेकिन लंबे समय तक इन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। समस्या सामने आने के बाद संबंधित विभागों में हलचल मच गई। अधिकारियों ने तत्काल विद्युत विभाग को इन पोलों को हटाने के निर्देश जारी किए। निर्देश मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पोल हटाने का कार्य शुरू कर दिया। कर्मचारियों द्वारा मशीनों की सहायता से एक-एक कर पोल हटाए जा रहे हैं, ताकि सर्विस लेन पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बन सके। कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित किया गया, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। अधिकारियों ने बताया कि हाईवे निर्माण के दौरान कुछ तकनीकी कारणों से पोल स्थानांतरित नहीं हो पाए थे, लेकिन अब उन्हें व्यवस्थित रूप से हटाकर दूसरी सुरक्षित जगह पर स्थापित किया जा रहा है। जल्द ही पूरी सर्विस लेन को बाधामुक्त कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और मीडिया की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से संभावित हादसों को टाला जा सका है। प्रशासन का कहना है कि जनपद में सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी मामलों की नियमित निगरानी की जा रही है और जनहित से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply