DniNews.Live

उन्नाव में 250 केवीए ट्रांसफार्मर चोरी:500 से अधिक घरों की बिजली गुल, ग्रामीण परेशान

उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र स्थित सम्भर खेड़ा गांव में चोरों ने बिजली विभाग के 250 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को चोरी कर लिया। इस घटना के बाद गांव के 500 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इस ट्रांसफार्मर से गांव के लगभग 500 से अधिक घरों में बिजली की आपूर्ति होती थी। चोरों ने देर रात ट्रांसफार्मर को खोलकर उसके महत्वपूर्ण उपकरण और अन्य सामान चुरा लिए। सुबह बिजली आपूर्ति शुरू न होने पर ग्रामीणों को घटना का पता चला। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने ट्रांसफार्मर को गायब पाया। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिशासी अभियंता भरत गौतम ने प्रारंभिक जांच में ट्रांसफार्मर चोरी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया है। विभागीय कर्मचारियों ने ग्रामीणों को जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।

बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को पेयजल, घरेलू कार्यों और छोटे व्यापारिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के कारण बिजली कटौती से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। सूचना मिलने पर गंगाघाट कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *