उन्नाव के नवाबगंज नगर पंचायत क्षेत्र में सीएनजी ऑटो चालकों ने अवैध वसूली और मनमानी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। चालकों ने एकजुट होकर डीएम को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। उनका आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा बिना किसी स्पष्ट नियम के जबरन शुल्क वसूला जा रहा है। जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है। ड्राइवरों के अनुसार, नवाबगंज क्षेत्र में बड़ी संख्या में सीएनजी ऑटो चालक अपने परिवार का भरण-पोषण ऑटो चलाकर करते हैं। उनका आरोप है कि नगर पंचायत के कर्मचारी उनसे प्रतिदिन 20 से 30 रुपये तक की वसूली करते हैं। इस वसूली के संबंध में कोई लिखित आदेश या निर्धारित नियम नहीं दिखाया जाता, फिर भी भुगतान का दबाव बनाया जाता है। चालकों ने यह भी बताया कि पैसे न देने पर उन्हें विभिन्न स्थानों पर रोककर परेशान किया जाता है और वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जाती। ऑटो ड्राइवरों का कहना है कि नगर पंचायत पूरे क्षेत्र में वसूली कर रही है, जबकि अधिकृत ऑटो स्टैंड केवल कुछ सीमित स्थानों पर ही बनाए गए हैं। ऐसे में उन्हें न तो पर्याप्त सुविधाएं मिल रही हैं और न ही निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संचालन करने का अवसर दिया जा रहा है। इस स्थिति से उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह ज्ञापन सीएनजी ऑटो यूनियन उन्नाव के अध्यक्ष गोपाल महेश्वरी के नेतृत्व में जिलाधिकारी को सौंपा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ऑटो चालक और यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से मांग की कि अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषी अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यूनियन अध्यक्ष गोपाल महेश्वरी ने कहा कि ऑटो चालक पहले से ही महंगाई और कम आमदनी की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में जबरन वसूली उनके लिए अतिरिक्त बोझ बन गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो चालक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply