उन्नाव शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में एक वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत अब हत्या में बदल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 75 वर्षीय शशिकला सिंह की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, और परिवार के भीतर चल रहे संपत्ति विवाद को लेकर परिजन एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। सदर कोतवाली क्षेत्र के बंधूहार मोहल्ला निवासी शशिकला सिंह (75) पत्नी स्वर्गीय जयराम सिंह की गुरुवार शाम जिला अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शुरुआत में उनकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में मानी जा रही थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया। इस पैनल में औरास सीएचसी के डॉ. शोएब अली और हसनगंज सीएचसी के डॉ. शोएब निसार शामिल थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि वृद्धा की मौत गला दबाने से हुई है, जिससे हत्या की पुष्टि हो गई। मृतका के परिवार में ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और देवेंद्र प्रताप सिंह उनके पुत्र हैं, जबकि सीमा सिंह, सुनीता सिंह, शालिनी सिंह और अनीता सिंह उनकी पुत्रियां हैं। परिवार के एक बेटे ने आरोप लगाया है कि मृतका के पुत्र योगेंद्र कुमार सिंह ने कथित तौर पर मां की जमीन अपने नाम करवा ली थी। इसी संपत्ति को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि वृद्धा को घर में बंधक बनाकर रखा जाता था और उन्हें बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं थी। घटना के बाद परिवार में तनाव का माहौल है। मृतका के घर के बाहर रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। लेकिन अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply