उन्नाव के कोतवाली क्षेत्र स्थित हजीरा मोहल्ले में युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान अभय पुत्र शंकर निवासी हजीरा, उन्नाव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभय ने अपने घर के अंदर पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर में अकेला था। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों के मुताबिक, अभय पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। घटना के समय वह शराब के नशे में भी था, जिससे उसकी मानसिक स्थिति और अधिक अस्थिर हो गई थी। बताया जा रहा है कि अभय दिल्ली में मजदूरी का काम करता था और दो दिन पहले ही वह अपने घर उन्नाव लौटा था। मृतक अपने परिवार में तीन भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर का था। उसके पीछे उसकी पत्नी राधा और लगभग डेढ़ साल की मासूम बेटी है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि उन्हें इस तरह की घटना की कोई आशंका नहीं थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply