उन्नाव में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह तेज धूप और उमस के बाद दोपहर होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अचानक बदले मौसम से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। कई स्थानों पर हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। आसीवन थाना क्षेत्र के कादिरपुर गांव में झमाझम बारिश की सूचना है, जिससे गांव की गलियों और खेतों में पानी भर गया। बारिश के दौरान तेज हवा चलने से पेड़ों की डालियां झूमती नजर आईं और लोगों को कुछ समय के लिए सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा। बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर देखने को मिला। इस समय जिले में गेहूं की फसल पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी है। ऐसे में अचानक हुई बारिश से किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई देने लगीं। किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह मौसम खराब रहा तो गेहूं की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। खेतों में पानी भरने से फसल गिरने और दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई किसान अपनी फसल बचाने के लिए खेतों की ओर दौड़ते नजर आए। कुछ किसानों ने कटे हुए गेहूं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कोशिश की, जबकि जिन किसानों की फसल अभी खेतों में खड़ी है, वे मौसम साफ होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। मौसम बदलने से शहर के लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन तेज हवाओं और बारिश के कारण यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। बाजारों में लोगों की आवाजाही कम देखी गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है।

Leave a Reply