उन्नाव शहर और शुक्लागंज नगर में ईद-उल-फितर की नमाज अदा की गई। राजधानी मार्ग स्थित जामा मस्जिद सहित नगर की विभिन्न मस्जिदों में हजारों लोगों ने नमाज में शिरकत की। इस दौरान मुल्क की सलामती, तरक्की और अमन-चैन के लिए दुआएं मांगी गईं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और मस्जिदों में नमाज के दौरान ड्रोन से निगरानी भी की गई। जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने भी ईद की शुभकामनाएं दीं। रमजान के पवित्र माह में 30 रोजे पूरे होने के बाद ईद-उल-फितर के अवसर पर सुबह से ही लोगों में उत्साह देखा गया। मुस्लिम बहुल इलाकों में बच्चों ने नए कपड़े पहनकर एक-दूसरे से मुलाकात की और बधाई दी। नगर की मस्जिदों जैसे गोताखोर कॉलोनी, चंपापुरवा, हुसैन नगर, करबला, रहमत नगर, अहमद नगर और अली नगर में भारी भीड़ रही। राजधानी मार्ग स्थित जामा मस्जिद में सर्वाधिक नमाजी पहुंचे, जहां ईद की नमाज सुबह ठीक 7:30 बजे शुरू हुई। जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना ने नमाज अदा कराई। जामा मस्जिद के मुतवल्ली हाजी अय्यूब साहब ने बताया कि एक माह तक रमजान के रोजे रखने के बाद ईद मनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने ईद को आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का पर्व बताया, जिसे पूरी दुनिया में धूमधाम से मनाया जाता है। इस अवसर पर फौजान, शकील, मो. आरिफ, मो. सईद, मो. हंजला, शाकिर अली, जमाल खान, मो. शमी, मो. रईस, मोहम्मद आफताब और मोहम्मद नाजिम सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
ईद की नमाज के मौके पर नगर की समस्त मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त प्रबंध रहे। राजधानी मार्ग पर जामा मस्जिद में नमाज के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। नमाज के दौैरान प्रशासनिक अधिकारियों में डीएम गौरंग राठी, एसपी जयप्रकाश सिंह , एसडीएम क्षितिज द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, सीओ, एसएचओ गंगाघाट अजय सिंह समेत गंगाघाट थाने का फोर्स व मुख्यालय से भेजे गए कांस्टेबिल व पीएसी बल मौजूद रहा। दिन भर चलेगा लजीज व्यंजनों का दौर
ईद के अवसर पर दिनभर मुस्लिम भाईयों के यहां लोगों का आना जाना लगा रहा इस मौके पर सारा दिन एक से एक लजीज व्यंजनों का लोग मजा लेते रहे। लजीज व्यंजनों में चासनी में पागी गई सेवइयां, सूतफेनी, दूध से पकाई गईं मेवा युक्त सेवइयां, दही बड़े, फुलकियां, उबले हुए मसाले दार चने, के साथ स्वादिष्ट बिरयानी चख चख कर लोगों ने वाह वाह करते हुए सभी व्यंजनों का मजा लिया।

Leave a Reply