DniNews.Live

उन्नाव में गैस एजेंसी बंद, उपभोक्ताओं ने हाईवे जाम किया:सिलेंडर वितरण में लापरवाही पर फूटा जनता का गुस्सा

उन्नाव के नवाबगंज कस्बे में गैस सिलेंडर वितरण में लापरवाही और भैया जी गैस एजेंसी के अचानक बंद होने से नाराज उपभोक्ताओं ने मंगलवार को कानपुर-लखनऊ हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर सिलेंडर रखकर विरोध जताया, जिससे यातायात बाधित हुआ। सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचे थे। हालांकि, एजेंसी बंद मिली और घंटों इंतजार के बाद भी कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा, न ही गैस वितरण शुरू हुआ। इसके बाद लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एजेंसी लगातार लापरवाही बरत रही है। उपभोक्ताओं के अनुसार, 10-10 दिनों तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाती, जबकि मोबाइल फोन पर गैस ‘डिलीवर्ड’ होने का संदेश भेज दिया जाता है। शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। नवाबगंज चौकी इंचार्ज मुकुल दुबे ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। पुलिस की समझाइश के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया, जिससे यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतें हुईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 19 मार्च को भी इसी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और कम गैस देने का मामला सामने आया था, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद एजेंसी संचालक को माफी मांगनी पड़ी थी। लगातार सामने आ रही इन शिकायतों से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने प्रशासन से गैस वितरण व्यवस्था की गहन जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *