उन्नाव। जनपद में दहेज हत्या के एक मामले में थाना दही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार, बीते गुरुवार की रात थाना दही क्षेत्र के ग्राम रामपुर के सामने नहर पटरी किनारे एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतका की पहचान माधुरी कोरी (22 वर्ष) पत्नी बालकिशन उर्फ बबलू कोरी, निवासी ग्राम रुपऊ, थाना माखी, जनपद उन्नाव के रूप में हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इस मामले में मृतका की परिजन यशोदा पत्नी राम नरेश, निवासी ग्राम सराइया, थाना कोतवाली सदर ने तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर थाना दही में दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मृतका के पति बालकिशन उर्फ बबलू तथा उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। परिजनों ने आरोप लगाया था कि विवाह के बाद से ही माधुरी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी के चलते उसकी हत्या कर शव नहर किनारे फेंक दिया गया। घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में थाना दही पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम केसरी खेड़ा नहर पटरी के पास से आरोपी पति बालकिशन उर्फ बबलू (28) पुत्र राम नारायण, निवासी रुपऊ, थाना माखी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक शिवपाल सिंह तथा कांस्टेबल गौरव पाल शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply