DniNews.Live

उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह पहुंचे विंध्याचल धाम:अखिलेश यादव को सद्बुद्धि देने की मां से प्रार्थना, पौधों का किया वितरण

मिर्जापुर में प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। नवरात्र के पावन अवसर पर उन्होंने देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए मां भगवती से आशीर्वाद मांगा। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नवरात्र शक्ति की आराधना का पावन पर्व है, जिसे सनातन परंपरा में सदियों से मनाया जाता रहा है। उन्होंने मां विंध्यवासिनी के चरणों में प्रार्थना करते हुए सभी नागरिकों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने भारत की संस्कृति, संस्कार और सनातन धर्म के निरंतर संवर्धन की बात कही। मंत्री ने मां भगवती से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ‘श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में अपनी भूमिका का सफलतापूर्वक निर्वहन करें। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी धाम में 70 हजार पौधों का वितरण प्रसाद के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने इन पौधों को पुत्र के समान बताते हुए कहा कि लोग इन्हें अपने घरों में लगाकर पर्यावरण संरक्षण और देश को हरा-भरा बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने इस अभियान के लिए उद्यान विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मंत्री ने अखिलेश यादव को लेकर कहा कि उनकी सरकार कब बनेगी और वे महिलाओं के लिए क्या करेंगे, यह भविष्य की बात है। उन्होंने सनातन धर्म में नारी को पूजने की सदियों पुरानी परंपरा का उल्लेख किया और मां से अखिलेश यादव को शक्ति व सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की। मंत्री ने मां विंध्यवासिनी को चांदी का छत्र अर्पित किया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप पौधों का वितरण भी किया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *