बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के झालू चौराहे पर ई-रिक्शा में सवारी बैठाने को लेकर दो चालकों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक चालक ने दूसरे पर चापड़ से हमला करने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना रामलीला ग्राउंड के पास झालू चौराहे पर हुई। ई-रिक्शा चालक कुलदीप सैनी और बख्शीवाला निवासी सलीम के बीच सवारी बैठाने को लेकर कहासुनी हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। कुलदीप सैनी ने आरोप लगाया है कि सलीम ने अपनी ई-रिक्शा से चापड़ निकालकर उन पर हमला किया, जिससे वे बाल-बाल बचे। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने सलीम को पकड़ लिया और उसकी पिटाई भी की। वहीं, सलीम ने हमले के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि विवाद सवारी बैठाने को लेकर हुआ था और चापड़ उसके रिक्शा में रखा हुआ था। पुलिस ने सलीम को चापड़ सहित हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इस हंगामे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शहर कोतवाल रामप्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply