श्रावस्ती जिले के वीरपुर चौराहे पर ईद के दिन भारी जलभराव हो गया। तेज बारिश और नालियों के चोक होने के कारण पानी सड़कों से होता हुआ कई दुकानों में घुस गया। इस घटना से दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ और उनमें प्रशासन के प्रति गहरा रोष देखा गया। नवीन मार्डन थाना क्षेत्र के वीरपुर चौराहे पर शनिवार को जहां एक ओर ईद का त्योहार मनाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर जलभराव ने स्थिति को खराब कर दिया। मोहित, रमेश, पप्पू मेडिकल, रमेश मेडिकल, जगलाल सोनी, संजय सोनी, मोविन होटल, तिवारी पान, संदीप किराना स्टोर और मुनव्वर होटल सहित कई व्यापारियों की दुकानों में पानी भर गया। दुकानदारों ने बताया कि ईद के खास मौके पर उन्हें अच्छी बिक्री की उम्मीद थी, लेकिन जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई, जिससे उनके व्यापार पर सीधा असर पड़ा। उन्होंने इस स्थिति को अपने लिए बड़ा आर्थिक नुकसान बताया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। उनका आरोप है कि समय रहते नालियों की सफाई नहीं की गई, जिसका खामियाजा अब त्योहार के दिन भुगतना पड़ा। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों की सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

Leave a Reply