DniNews.Live

ईद की नमाज के बाद सियायी मंच सजे:सपा, कांग्रेस और बसपा नेताओं ने दी मुबारकबाद; इरफान बोले- 4 साल बाद अपनों के साथ हूं

कानपुर में ईद के मौके पर सिर्फ इबादत ही नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और राजनीतिक मंच की खूबसूरत तस्वीर भी देखने को मिली। बड़ी ईदगाह, बेनाझावर में नमाज के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और शहरवासियों को एकता व भाईचारे का संदेश दिया। समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई ने इस अवसर पर कहा कि ईद का त्योहार आपसी प्रेम और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में उत्साह का माहौल है और लोग हंसी-खुशी एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दे रहे हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि त्योहारों को मिलजुलकर मनाएं और भाईचारे को मजबूत करें। पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने नमाज अदा करने के बाद लोगों से मुलाकात की और ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि चार साल बाद अपनों के बीच ईद मनाने का मौका मिला है, जो उनके लिए बेहद खास है। साथ ही उन्होंने नवरात्रि के अवसर पर भी सभी को बधाई दी और आपसी सौहार्द बनाए रखने की बात कही। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता भी बड़ी ईदगाह पहुंचे और नमाजियों को बधाई दी। उनके साथ लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी आलोक मिश्रा भी मौजूद रहे। पवन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से सर्व समाज को साथ लेकर चलने और सभी धर्मों के सम्मान की बात करती आई है और इसी भावना के तहत पार्टी कार्यकर्ता यहां ईद की मुबारकबाद देने पहुंचे हैं। इसके अलावा बसपा के जिला अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने भी ईदगाह के बाहर कैंप लगाकर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बसपा का उद्देश्य हमेशा समाज में एकता और भाईचारा बनाए रखना रहा है और इसी भावना से सभी त्योहारों में सहभागिता की जाती है। बड़ी ईदगाह के बाहर सपा, बसपा और कांग्रेस द्वारा लगाए गए कैंपों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और एक-दूसरे को बधाई दी। यह नजारा कानपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा, जहां त्योहार के बहाने सभी वर्गों के लोग एक साथ नजर आए।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *