बाराबंकी जनपद में शनिवार को पूरे देश के साथ ईद का त्योहार हर्षोल्लास और आपसी प्रेम के साथ मनाया गया। सुबह से ही जिले की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। पीर बटावन स्थित दरगाह शरीफ पर ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इसके बाद दरगाह कमेटी ने ‘ईद मिलन समारोह’ का आयोजन किया। इस अवसर पर जिले के हिंदू-मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे को गले लगाकर अमन-चैन का संदेश दिया। इस खास मौके पर कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया और सपा के सदर विधायक धर्मराज यादव (सुरेश यादव) दरगाह पहुंचे। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात कर ईद की मुबारकबाद दी। सांसद तनुज पुनिया ने इसे भाईचारे का बड़ा त्योहार बताया और देश तथा जिले वासियों को ईद के साथ-साथ नवरात्रि की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हिंदू-मुस्लिमों के बीच मेल-जोल देखकर खुशी व्यक्त की। सदर विधायक धर्मराज यादव ने ईश्वर और अल्लाह से भाईचारा बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने समाज को बांटने की कोशिश करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदुस्तान की जनता उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी और एसडीएम नवाबगंज सहित भारी पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर तैनात रहा। पूरे जिले में ईद का जश्न जारी है, लोग नमाज के बाद घरों में सेवइयां खिलाकर खुशियां बांट रहे हैं। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण जिले भर में शांति का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply