DniNews.Live

ईंट भट्ठे पर अवैध शराब का भंडाफोड़:7 आरोपी गिरफ्तार, 45 लीटर कच्ची शराब बरामद; मालिक फरार

देवरिया में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक ईंट भट्ठे पर छापा मारा। इस कार्रवाई में 45 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, भट्ठा मालिक मौके से फरार होने में सफल रहा। आबकारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने बघौचघाट थाना पुलिस के साथ मिलकर पाण्डेय मुंडेरा स्थित आरएमपी (RMP) मार्का ईंट भट्ठे पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान टीम ने 45 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ-साथ शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए। इनमें स्टील का पाइप लगा ड्रम, एल्युमिनियम का भदेला, चुआनी, गैस चूल्हा और लगभग 300 किलोग्राम लहन शामिल हैं। मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि ईंट भट्ठा मालिक राजमंगल गौतम फरार हो गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पृथ्वीनाथ चौहान, रामप्रवेश चौहान, विश्वेश्वर उरांव, विपुल, सिकंदर भगत, बालकिशुन और राजीव उरांव के रूप में हुई है। इन सभी के खिलाफ बघौचघाट थाने में बीएनएस (BNS) 2023 और आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि भट्ठा मालिक रात में अवैध कच्ची शराब तैयार कर उसे बिहार में तस्करी के जरिए भेजता था। बिहार में शराबबंदी के कारण वहां कच्ची शराब की ऊंची कीमत मिलती थी, जिससे यह अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर संचालित हो रहा था। दबिश टीम में थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी सहित पुलिस और आबकारी विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *