इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कानपुर आगरा नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के हुए दर्दनाक हादसे में डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई। टायर बदलते समय पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे चालक डीसीएम के पीछे हिस्से में दब गया। हादसे में ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विचारपुरा गांव के सामने हाईवे पर यह हादसा उस समय हुआ, जब डीसीएम का टायर पंक्चर हो गया था। चालक आलोक कुमार वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदल रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आलोक डीसीएम के पिछले हिस्से में ही दब गया। डीसीएम के पीछे दबने से मौके पर मौत टक्कर के बाद आलोक कुमार बुरी तरह डीसीएम के पीछे हिस्से में फंस गया और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा तड़के सुबह हुआ, जिससे तुरंत राहत नहीं मिल सकी और स्थिति और भी भयावह हो गई। ट्रक चालक भी हुआ गंभीर घायल इस भीषण टक्कर में ट्रक चालक 35 वर्षीय संजय पुत्र रामनिवास निवासी प्रतापगढ़ भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार के लिए जिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। साथी ने बताई पूरी घटना मृतक के साथी मनोज कुमार ने बताया कि आलोक दिल्ली से कोलकाता की ओर डीसीएम लेकर जा रहा था और खुद ही वाहन का मालिक था। रात करीब तीन बजे उसने फोन कर गाड़ी पंचर होने की जानकारी दी थी और मदद के लिए बुलाया था। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply