इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय छात्र अभिषेक यादव की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा कलवारी गांव के पास हुआ, जब वह अपनी मामी और मौसी की बेटी को दवा दिलाने जा रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगला भीखन खनखोर निवासी अभिषेक यादव अपने चाचा के परिवार में बच्चे की मनोकामना पूरी होने पर ब्रह्माणी देवी मंदिर में झंडा चढ़ाने के कार्यक्रम में शामिल हुआ था। कार्यक्रम के बाद घर पर रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था और अभिषेक भी उसी में व्यस्त था। वह बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था और चौधरी सुधर सिंह डिग्री कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।
दवा दिलाने जाते समय हुआ हादसा सोमवार सुबह अभिषेक अपनी मामी गुड्डी देवी पत्नी रमेश निवासी अमृतपुरा बसरेहर और मौसी की बेटी भारती उर्फ शालिनी पुत्री शिशुपाल सिंह निवासी भीखनपुर को बाइक से दवा दिलाने के लिए जा रहा था। सुबह करीब 9:30 बजे कलवारी गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में मौत, दो की हालत नाजुक घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर शिवम राजपूत ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। वहीं गुड्डी देवी और भारती की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply