इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के नगला पंछी गांव में एक युवक द्वारा अवैध असलहों के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाकर खुद को ‘माफिया’ बताने का मामला सामने आया है। युवक के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह हथियारों और कारतूसों के साथ नजर आ रहा है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सख्त कार्रवाई की बात कही है। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन नगला पंछी गांव निवासी सुरजेश यादव नाम के युवक ने अपने इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट पर कई वीडियो पोस्ट किए हैं। इन वीडियो में वह आधुनिक तमंचों और कारतूसों के जखीरे के साथ दिखाई दे रहा है। साथ ही वह खुद को ‘माफिया’ बताते हुए कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाता नजर आ रहा है। वीडियो में भड़काऊ गानों का भी इस्तेमाल किया गया है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। स्थानीय लोगों में दहशत और चिंता ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के वीडियो का मकसद इलाके में अपनी धाक जमाना और लोगों में डर पैदा करना है। खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन युवाओं पर भी गलत असर डाल सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में है और युवक की गतिविधियों की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए गए तो आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply