इटावा में दो रोडवेज बसों की भिड़ंत:ड्राइवर समेत 6 यात्री घायल, टक्कर लगने से यात्री सीट से नीचे गिरे

इटावा के कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर बकेवर थाना क्षेत्र में महेवा ओवरब्रिज के पास सोमवार रात दो रोडवेज बसों की टक्कर हो गई। तेज रफ्तार के कारण पीछे से आ रही औरैया डिपो की बस ने आगे चल रही फजलगंज डिपो की बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक समेत छह यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और यात्रियों में चीख पुकार सुनाई देने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। कानपुर की ओर से इटावा आ रही एक रोडवेज बस हाईवे पर आगे चल रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी रोडवेज बस ने अचानक आगे वाली बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसों में बैठे यात्रियों को तेज धमाके के साथ झटका लगा और कई यात्री अपनी सीटों से गिर पड़े। बस के अंदर कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भागा हादसे के बाद आगे चल रही बस का चालक वाहन को करीब तीन सौ मीटर आगे तक ले गया और सड़क किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। इस दौरान हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस और एनएचएआई की टीम ने संभाला। छह यात्री घायल, दो जिला अस्पताल रेफर हादसे में सचिन पुत्र कौशल किशोर निवासी ग्राम अंतोल मुरादगंज, अंबिका पुत्री रामप्रकाश निवासी कटरा फतेह महमूद खां, देशदीप पुत्र रामगोपाल निवासी महेवा, अमित पुत्र संतोष निवासी ग्राम जिगना धुईया मंगलपुर थाना कानपुर देहात, राजसिंह पुत्र सुघर सिंह निवासी ग्राम फूटाताल चकरनगर और अनिल कुमार पुत्र रामबहादुर निवासी महेरा चुंगी घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष विपिन कुमार मलिक ने बताया कि दो घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Puri Khabar Yahan Padhein

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *