इटावा में मुस्लिम समाज के सबसे बड़े त्योहार ईद के दिन शहर कोतवाली क्षेत्र के उर्दू मोहल्ला और अरविंद पुल इलाके में नाले का गंदा पानी घरों में घुस गया। कई मकानों में 4 से 5 फीट तक पानी भर गया। हालात ऐसे बने कि सैकड़ों लोग घरों में कैद हो गए और बड़ी संख्या में लोग ईद की नमाज़ अदा नहीं कर सके। सुबह करीब 6 बजे लोग ईद की नमाज़ के लिए तैयार हो रहे थे, लेकिन घरों से बाहर निकलते ही चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई दिया। गलियां पूरी तरह जलमग्न थीं और घरों के अंदर तक गंदा पानी भरा हुआ था। कई परिवारों को मजबूरी में घरों के अंदर ही रहना पड़ा, जबकि कुछ लोग छतों के सहारे बाहर निकलकर नमाज़ पढ़ने पहुंचे। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घंटों तक घरों में फंसे रहे। स्टेशन रोड पर अरविंद पुल के नीचे से गुजर रहा नाला चौक हो गया, जिसके चलते मेवाती मोहल्ला और उर्दू मोहल्ला की कई गलियों में पानी भर गया। नाले का गंदा पानी तेजी से घरों में घुस गया और देखते ही देखते पूरा इलाका जलमग्न हो गया। लोगों को अपने घरों से पानी निकालने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी और घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा। जलभराव के बीच एक मकान की दीवार भी गिर गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लोगों में डर का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पानी का स्तर और बढ़ता तो बड़ा हादसा हो सकता था। नगर पालिका पर फूटा गुस्सा घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर पालिका परिषद के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोप लगाया कि नाले की सफाई को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि अगर पहले ध्यान दिया जाता तो ईद जैसे बड़े त्योहार पर यह परेशानी नहीं झेलनी पड़ती। एक क्षेत्रवासी ने बताया, “हम लोग नमाज़ की तैयारी कर रहे थे, लेकिन बाहर निकले तो पूरा मोहल्ला पानी में डूबा मिला। घरों में गंदा पानी भर गया, बच्चे और महिलाएं अंदर फंसी रहीं। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ईद के दिन ऐसा हाल पहले कभी नहीं देखा।” कई घंटों बाद मिली राहत सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नगर पालिका के कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन की मदद से नाले की सफाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद कई घंटों में पानी निकलना शुरू हुआ और लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि तब तक सैकड़ों परिवारों की ईद खराब हो चुकी थी। त्योहार पर छाया गहरा रोष जहां एक ओर शहर के अन्य इलाकों में ईद की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं इस क्षेत्र के लोग अपने घरों से पानी निकालने में लगे रहे। हालात इतने खराब हो गए कि कुछ लोगों ने गुस्से में नाले के गंदे पानी में कूदने तक की धमकी दे दी। इस घटना ने लोगों के मन में प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी छोड़ दी और त्योहार का दिन भारी परेशानी में गुजर गया। देखें जलभराव की तस्वीरें…

Leave a Reply