इटावा में भाजपा जिला कार्यालय पर नव-नियुक्त जिला कार्यकारिणी की परिचय बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता की अध्यक्षता में आगामी संगठनात्मक अभियान ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग’ को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में तीनों विधानसभाओं में होने वाले प्रशिक्षण वर्ग की तिथियां तय की गईं और संचालन के लिए समिति का गठन भी किया गया। परिचय बैठक में जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा समय-समय पर अपने कार्यकर्ताओं को मजबूत और प्रशिक्षित बनाने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करती है। उन्होंने बताया कि इस बार जनपद की तीनों विधानसभाओं में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सभी कार्यकर्ता प्रशिक्षण स्थल पर ही रात्रि विश्राम करेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि सदर विधानसभा का प्रशिक्षण वर्ग 29 से 30 मार्च, भर्थना विधानसभा का प्रशिक्षण वर्ग 4 और 5 अप्रैल तथा जसवंतनगर विधानसभा का प्रशिक्षण वर्ग 11 और 12 अप्रैल को नारायणा इंटर कॉलेज में आयोजित किया जाएगा। इन प्रशिक्षण वर्गों के सुचारू संचालन के लिए एक संचालन समिति का गठन किया गया है, जिसमें विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समिति में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ रमाकांत शर्मा को प्रभारी, कृपा नारायण तिवारी को वर्ग प्रमुख, संजीव भदौरिया को वर्ग नियंत्रक, समीर सक्सेना को सह वर्ग नियंत्रक और अभिषेक मिश्रा को कार्यक्रम प्रमुख बनाया गया है। इसके अलावा सतेंद्र राजपूत को व्यवस्था प्रमुख और कई अन्य पदाधिकारियों को व्यवस्था समिति में शामिल किया गया है, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक का संचालन जिला महामंत्री जितेंद्र गौड़ ने किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष यशवर्धन चौधरी, बासु चौधरी, जिला मंत्री आयुष राज कोरी, संजू बाबू शाक्य, कोषाध्यक्ष राज कुमार वर्मा समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply