![]()
इज़राइल-ईरान तनाव के बीच परिवारों की घर वापसी:खाड़ी से लौटे एहसान बोले-हालात उतने खराब नहीं जितना दिखाया जा रहा
मध्य-पूर्व में इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण खाड़ी देशों में काम करने वाले भारतीयों के बीच डर और अनिश्चितता का माहौल बन गया है। कई उड़ानें रद्द होने और हालात बिगड़ने की आशंका के बीच उत्तर प्रदेश के कई लोग अपने परिवार के साथ वापस लौट आए। लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्रियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से वे डर और बेचैनी के माहौल में रह रहे थे और बस यही दुआ कर रहे थे कि किसी तरह सुरक्षित अपने देश लौट सकें। “सोशल मीडिया जितना डर दिखा रहा, जमीन पर हालात उतने खराब नहीं” मध्य-पूर्व में इज़राइल-ईरान तनाव के बीच जहां एक तरफ डर और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है, वहीं लखनऊ लौट रहे प्रवासी भारतीयों के अनुभव इस तस्वीर का दूसरा पहलू भी सामने ला रहे हैं। गुरुवार को लखनऊ पहुंचे एहसान, जो पिछले 10 सालों से सऊदी अरब में अकाउंटेंट के पद पर काम कर रहे हैं, उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर जो दिखाया जा रहा है, जमीनी हकीकत उससे काफी अलग है। एहसान ने बताया कि,“सोशल मीडिया पर हालात को बहुत ज्यादा डरावना दिखाया जा रहा है। बहरीन और कुवैत बॉर्डर पर थोड़ी स्थिति खराब जरूर है, लेकिन सऊदी अरब के अंदर सब कुछ सामान्य है। वहां रोजमर्रा की जिंदगी सामान्य तरीके से चल रही है।” परिवार की चिंता और वीडियो कॉल का सहारा एहसान बताते हैं कि भारत में बैठे उनके परिवार के लोग सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो देखकर काफी घबरा जाते थे। “जब घर वाले ऐसे वीडियो देखते थे तो तुरंत फोन करते थे। उन्हें हमारी बहुत चिंता होती थी। लेकिन जब हम वीडियो कॉल पर उन्हें सही-सलामत दिख जाते थे, तब जाकर उन्हें थोड़ी राहत मिलती थी।” उनका कहना है कि भले ही हालात पूरी तरह से बिगड़े नहीं थे, लेकिन खबरों और अफवाहों के कारण डर का माहौल जरूर बना हुआ था। “जब तक ये बाहर थे, हर पल चिंता बनी रहती थी” – हिना एहसान की पत्नी हिना ने बताया कि इस पूरे समय परिवार मानसिक दबाव में रहा। “जब तक ये बाहर रहते थे, हर समय चिंता बनी रहती थी। हर थोड़ी देर में न्यूज़ देखते थे और कुछ ना कुछ नया सुनने को मिल जाता था, जिससे घबराहट और बढ़ जाती थी।” हिना ने कहा कि सबसे ज्यादा डर तब लगता था जब एहसान काम के सिलसिले में बाहर जाते थे। “बस यही डर लगा रहता था कि ये सही-सलामत लौट आएं। अब जब ये वापस आ गए हैं, तो बहुत सुकून मिला है।”
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply