DniNews.Live

इंदौर- गुस्से में दौड़ाई कार, इंजीनियर को कुचला, मौत:पिता-पुत्र का पेंटहाउस किराए पर देने को लेकर रहवासियों से झगड़ा हुआ था

मध्य प्रदेश के इंदौर में पेंटहाउस किराए पर देने के विवाद में एक शख्स ने कार से एक महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक महिला का नाम शंपा पाठक पांडे था। वह इंफोसिस में सॉफ्टेवयर इंजीनियर थीं। 13 मार्च को दो बच्चों और पति के साथ अपने फ्लैट में शिफ्ट हुई थीं। घटना बुधवार रात 10.30 बजे लसूड़िया थाना क्षेत्र के एमआर-11 स्थित शिव वाटिका टाउनशिप की है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी शख्स और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। रिहाइशी बिल्डिंग में पेंटहाउस चलाने पर विवाद था टीआई तारेश सोनी के मुताबिक, टाउनशिप की सागरश्री एन्क्लेव बिल्डिंग में कुलदीप चौधरी ने अपना पेंटहाउस Airbnb को किराए पर दे रखा है। यहां रोज नए लोग आते थे। इस बात को लेकर रहवासियों की आपत्ति थी। कल रात रहवासियों ने उनके फ्लैट की लाइट बंद कर दी थी। यह देखकर कुलदीप चौधरी नीचे आए। उन्होंने रहवासियों के फ्लैट की लाइट बंद कर दी। इस बात को लेकर मारपीट हुई। इसके बाद बेटा मोहित चौधरी कार लेकर आया। पहले वहां रहने वाली महिला कर्मचारी और फिर शंपा पांडे को टक्कर मार दी। शंपा को बॉम्बे हॉस्पिटल में एडमिट किया गया। जहां उनकी मौत हो गई। पूरी वारदात बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने बिल्डिंग में लगा DVR जब्त कर ली है। Airbnb के जरिये यहां कौन-कौन लोग आते थे, इसकी जांच की जाएगी। Airbnb क्या है? यह एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप है। यह यात्रियों को दुनियाभर में स्थानीय लोगों के घर, अपार्टमेंट या अनोखी जगहें, जैसे ट्रीहाउस, विला कम समय के लिए किराए पर बुक करने की सुविधा देता है। पति ने कहा- वह चाहता तो कार रोक सकता था, पत्नी बच जाती अयोध्या (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले सौरभ पांडे ने बताया कि बुधवार रात को बिल्डिंग के नीचे शोर हो रहा था। यह सुनकर हम नीचे गए। कुछ देर में मारपीट होने लगी। इस बीच पेंटहाउस के मालिक का बेटा 60-70 की स्पीड में कार लाया। पहले एक महिला कर्मचारी को घायल किया। फिर मेरी तरफ बढ़ा। मैं जैसे-तैसे बचा, लेकिन उसने मेरी पत्नी शंपा को चपेट में ले लिया। पहले पत्नी को बोनट लगा, लेकिन उसने कार नहीं रोकी। सीधे दीवार में जाकर टक्कर मार दी। पत्नी के सिर में बहुत ज्यादा चोट लगी। वह नीचे गिर गई। इसके बाद उसने कार चढ़ा दी। वह चाहता तो कार रोक सकता था। खुद का फ्लैट खरीदा, कुछ दिन पहले ही शिफ्ट हुए सौरभ के मुताबिक, यहां हमने फ्लैट खरीदा था। कुछ दिनों पहले ही शिफ्ट हुए। परिवार में 2 बच्चे और माता-पिता हैं। 7 साल का बेटा श्रेयांश तीसरी और 10 साल का बेटा श्रेष्ठ पांचवीं में पढ़ता है। हम तीन-चार साल पहले ही इंदौर आए हैं। पहले हम स्कीम 114 में रहते थे। रहवासी पेंटहाउस की पहले कर चुके शिकायत सौरभ के मुताबिक, इस बिल्डिंग में पेंटहाउस कभी प्लान में नहीं था। हमने जब फ्लैट खरीदा था, तब हमें भी सूचना नहीं दी गई। बाद में पता चला कि यहां पेंटहाउस है, उसे Airbnb को दे रखा है। रात 2.30 बजे तक लड़के-लड़कियां आते हैं। पहले भी इसे लेकर रहवासियों ने आपत्ति ली थी। शनिवार-रविवार को मीटिंग हुई थी, जिसमें काफी बहस हुई थी। सोसाइटी अध्यक्ष बोले- पेंटहाउस अवैध है शिव वाटिका टाउनशिप सोसाइटी अध्यक्ष गौरव नाइक ने बताया कि यहां तीन हजार लोग रहते हैं। पेंटहाउस अवैध है। अधिकांश लोग एक माह पहले ही रहने आए हैं। बिल्डर से डेवलपमेंट इश्यू चल रहा है। हमें किसी प्रकार की सुविधा नहीं दी गई, लेकिन वे ध्यान नहीं दे रहे हैं। आरोपियों और रहवासियों के बीच विवाद के दो वीडियो बुधवार रात को हुए विवाद का नया वीडियो सामने आया है। इसमें रहवासी, कुलदीप और उनके बेटे मोहित के बीच विवाद होता दिख रहा है। इसमें रहवासियों और आरोपी पिता-पुत्रों के बीच मारपीट हुई थी। इस वीडियो में मोहित की मां भी दिखाई दे रही है। मारपीट में मां दोनों पिता-पुत्रों को मारपीट करने से रोकती दिख रही है, लेकिन बेटा मोहित कह रहा है कि आज तो इनको जान से मार दूंगा। एक अन्य वीडियो में सौरभ पांडे और मोहित के बीच विवाद हो रहा है। सौरभ कह रहे हैं कि मेरे घर की लाइट क्यों बंद की? मोहित इससे इनकार कर रहा है। मोहित की मां ने कहा कि हमने तुम्हारी नहीं, तुमने हमारे फ्लैट की लाइट बंद की है। इसी बात को लेकर दोनों में जमकर विवाद हो रहा था। बिल्डर ने कहा- रहवासियों की शिकायत पर चेतावनी दी थी बिल्डर लोकेश राणा ने बताया कि अवैध कामों को लेकर रहवासियों की शिकायत पर कुलदीप को तीन से चार बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन कुलदीप ने फ्लैट खाली नहीं किया। पुलिस को भी सूचित किया गया था। …………………. यह खबर भी पढ़ें… सागर में देर रात 2 हादसे, 5 युवकों की मौत सागर जिले में बुधवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 5 युवकों की मौत हो गई। दोनों ही हादसे 4 घंटे के अंतराल में हुए हैं। पहला हादसा बंडा रोड पर सौरई फैक्ट्री के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *