DniNews.Live

आरोपी के ताऊ ने सरकारी जमीन पर कब्जा दिलाया:अपनी जमीन बेचकर खरीदारों को ग्राम समाज के रास्ते पर काबिज कराया

बदायूं में एचपीसीएल दोहरे हत्याकांड के आरोपी अजय प्रताप के ताऊ राकेश सिंह पर एक नया आरोप लगा है। उन पर अपनी जमीन बेचकर खरीदारों को ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा दिलाने का आरोप है। अधिकारी इस मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव निवासी राकेश सिंह पर पहले भी दबंगई के आरोप लगते रहे हैं। बताया जाता है कि वह विधायक के नाम का इस्तेमाल कर इलाके में अपना प्रभाव जमाए हुए था। उसने कथित तौर पर सरकारी जमीन पर दुकानें बनवाईं और खेती की जमीन पर भी कब्जा कर फसल उगाना शुरू कर दिया था। हालिया मामले में, राकेश सिंह ने पांच लोगों को अपनी लगभग चार बीघा जमीन बेची थी। बैनामे में खेत का रकबा और गाटा नंबर सही दर्ज था, लेकिन बाद में उसने इन खरीदारों को ग्राम समाज के रास्ते पर कब्जा दिलवा दिया। खरीदारों ने पैसे दे दिए थे और राकेश सिंह से उलझने की हिम्मत नहीं कर पाए, इसलिए वे ग्राम समाज की जमीन पर खेती कर रहे थे। राकेश सिंह के प्रभाव में कमी आने के बाद यह मामला प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में आया। दातागंज के एसडीएम धर्मेंद्र सिंह ने पुष्टि की है कि राकेश सिंह ने अपनी जमीन बेचकर खरीदारों को ग्राम समाज के रास्ते पर कब्जा दिलाया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, पांचों खरीदारों को उनकी वास्तविक जमीन पर कब्जा दिलाया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर राकेश सिंह के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *