कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में आपातकाल दिवस की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सोमवार को स्लोगन गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने आपातकाल से जुड़े विषयों पर स्लोगन लिखकर और चार्ट बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। आपातकाल दिवस हर साल 25 जून को मनाया जाता है। यह दिन 25 जून 1975 को तत्कालीन सरकार द्वारा घोषित 21 महीने के आपातकाल की याद दिलाता है। इस वर्ष 25 जून 2025 को राष्ट्र में आपातकाल लागू होने की 50वीं वर्षगांठ मनाई गयी है जिसकी श्रृंखला में कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का समय-समय पर आयोजन किया जा रहा है। अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. फातिमा हसन के निर्देशन में आयोजित इस गतिविधि में छात्राओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संविधान की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। छात्राओं ने आपातकाल को लोकतंत्र का ‘काला अध्याय’ बताते हुए जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. आंचल वत्स और डॉ. पूजा राय का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय की अन्य शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। प्राचार्या प्रो. किरण प्रदीप ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।

Leave a Reply