![]()
आत्महत्या मामले में फरार आरोपी पर 25000 का इनाम:फतेहपुर में सरेंडर की फिराक में, पुलिस ने कोर्ट परिसर में बिछाया जाल
फतेहपुर जिले में कर्ज से परेशान एक ही परिवार के तीन सदस्यों की आत्महत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल श्रीवास्तव पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इनाम घोषित होने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस को आशंका है कि बढ़ते दबाव के कारण आरोपी राहुल श्रीवास्तव कभी भी कोर्ट में आत्मसमर्पण कर सकता है। इसे देखते हुए कोर्ट परिसर के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है और सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस की टीमें कोर्ट परिसर के आसपास सक्रिय हैं, वहीं विजिलेंस और एसओजी टीम ने कानपुर में डेरा डाल रखा है। आरोपी के करीबी रिश्तेदारों और संपर्कों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि उसे आत्मसमर्पण से पहले पकड़ा जा सके। यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा गांव का है, जहां 11 मार्च को व्यापारी अमर श्रीवास्तव, उनकी मां सुशीला श्रीवास्तव और चाचा सुनील श्रीवास्तव ने कर्ज के दबाव में आकर आत्महत्या कर ली थी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दिलीप त्रिवेदी, संजय सिंह, शुभम कश्यप, सोनू और राहुल श्रीवास्तव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल श्रीवास्तव अभी भी फरार है। मामले में नवागंतुक पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पीड़ित परिवार के मुखिया सुनील कुमार श्रीवास्तव से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply