DniNews.Live

आज आधी रात से मेरठ में टोल महंगा:दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे समेत सभी प्लाजा पर बढ़ी दरें

मेरठ में आज आधी रात से वाहन चालकों के लिए सफर महंगा हो जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने टोल टैक्स की नई दरें लागू कर दी हैं, जो आज 1 अप्रैल से प्रभावी हो गई हैं। इसके तहत दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे सहित मेरठ के सभी प्रमुख टोल प्लाजा पर शुल्क बढ़ा दिया गया है। नई दरों के अनुसार, कार, जीप, वैन, बस, ट्रक और मल्टी-एक्सल वाहनों सहित सभी श्रेणियों के वाहनों पर टोल शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। यह वृद्धि न्यूनतम 5 रुपये से लेकर अधिकतम 40-45 रुपये तक है। इसका सर्वाधिक असर लंबी दूरी तय करने वाले और व्यावसायिक वाहनों पर पड़ेगा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सराय काले खां से काशी टोल प्लाजा तक कार चालकों को अब एकतरफा यात्रा के लिए लगभग 175 रुपये चुकाने होंगे, जबकि वापसी यात्रा का शुल्क 265 रुपये तक पहुंच गया है। भारी वाहनों के लिए यह शुल्क और भी अधिक बढ़ा है। छिजारसी हापुड़ टोल प्लाजा पर भी कार के लिए एकतरफा यात्रा का शुल्क 180 रुपये निर्धारित किया गया है। टोल दरों में इस बढ़ोतरी से रोजाना आवागमन करने वाले लोगों में नाराजगी है। वाहन चालकों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के बोझ के बीच टोल शुल्क में वृद्धि से उनकी जेब पर अतिरिक्त भार पड़ेगा।
हालांकि, स्थानीय और नियमित यात्रियों के लिए मासिक पास की सुविधा जारी रहेगी। 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर-व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए मासिक पास लगभग 360 रुपये निर्धारित किया गया है, जिससे उन्हें कुछ राहत मिल सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह बढ़ोतरी निर्धारित वार्षिक संशोधन के तहत की गई है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे नई टोल दरों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *