आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बरडीहा मोड़ के पास स्थित रघुवंशी होटल के सामने सड़क हादसे में मासूम की मौत का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार एक दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। करिया गोपालपुर निवासी इंद्रमणि राम 61 अपनी पत्नी रामवती देवी 57 और अपनी 4 माह की नतनी अस्मिता को लेकर लूना मोटरसाइकिल से चंदवक दवा कराने जा रहे थे। जैसे ही वे कंजहित बाजार के पास बरडीहा मोड़ पर पहुंचे। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद 4 माह की मासूम अस्मिता को मृत घोषित कर दिया। महिला को किया गया रेफर
वहीं रामवती देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। इंद्रमणि राम को हल्की चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इस दर्दनाक हादसे से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। करीब डेढ़ वर्ष पहले भी परिवार ने एक बच्ची को खो दिया था, जिससे यह दूसरा बड़ा आघात है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है।

Leave a Reply