बाराबंकी के जैदपुर क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 5 बजे अचानक लगी आग ने किसानों की महीनों की मेहनत पलभर में राख कर दी। लसोरवा गांव के पास गेहूं के खेतों में भड़की आग ने करीब आठ बीघा फसल को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन लपटों के सामने सब बेबस नजर आए। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देखिए कुछ तस्वीरें… अब विस्तार से जानिए पूरा मामला जैदपुर क्षेत्र में लसोरवा गांव के पास गेहूं की खड़ी फसल में अचानक आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में कई किसानों के खेत इसकी चपेट में आ गए।आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ लोग बाल्टियों से पानी डाल रहे थे, तो कुछ झाड़ियों को काटकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, आग ने विकराल रूप ले लिया था और उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा था। आठ बीघे फसल जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। इस अग्निकांड में मयाराम, गोकरण और धर्मानंद समेत अन्य किसानों की करीब आठ बीघे गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर लेखपाल शिवम वर्मा मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन शुरू किया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और रिपोर्ट जल्द भेजी जाएगी।

Leave a Reply