आगरा के किरावली थाना क्षेत्र में सेना की तैयारी कर रहे किशोर को उसके ही दोस्तों ने पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद शव को कुएं में फेंक दिया। शव छिपाने के बाद भाग रहा एक आरोपी कंटीले तारों में उलझकर घायल हो गया। इसके बाद उसने थाने पर मारपीट होने की झूठी सूचना दी। पुलिस ने कुएं से शव बरामद किया है। घटना के बाद से ही गांव में भारी तनाव व्याप्त है, जिसे देखते हुए एहतियातन तीन थानों किरावली, फतेहपुर सीकरी व अछनेरा की फोर्स तैनात कर दी गई है। परिजनों ने गांव के ही पांच लोगों पर हत्या का संगीन आरोप लगाया है।
क्या है पूरा मामला सलेमाबाद निवासी देवेंद्र सिंह के अनुसार, उनका पुत्र चंद्रवीर उर्फ मोनू शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे घर से कुछ परिचितों के साथ निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों से जानकारी मिली कि मोनू को कुछ युवकों के साथ खेतों की तरफ जाते देखा गया था। खोजबीन के दौरान परिजनों को खेत में मोनू की चप्पलें और अन्य सामान बिखरा मिला। शक गहराने पर जब पास के कुएं में देखा गया, तो वहां मोनू का शव तैरता मिला। परिजनों का आरोप है कि सोची-समझी साजिश के तहत मोनू को घर से बुलाया गया और हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को कुएं में फेंक दिया गया।
दोस्त खून से लथपथ थाने पहुंचा
शनिवार रात को गांव का एक युवक अभिषेक खून से लथपथ थाने पहुंचा। उसने पुलिस के बताया कि चंद्रवीर ने उसके साथ मारपीट की है। उस पर जानलेवा हमला किया गया है। पुलिस जब उसकी बताई जगह पर पहुंची तो कुएं में चंद्रवीर का शव पड़ा देखा। सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर आ गए। जांच में पता चला कि कुएं के पास ही अभिषेक और चंद्रवीर को लोगों ने कुएं के पास देखा था। यहां पर दोनों के बीच में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।हत्यारोपी अभिषेक ने चंद्रवीर के सिर और शरीर पर कई वार कर उसे अधमरा कर दिया। इसके बाद उसे कुएं में फेंक दिया।
मारपीट में हत्यारोपी अभिषेक को भी चोट आई थीं। जब वो भाग रहा था तो खेत में लगे कांटों में फंस गया। उससे भी उसके चोट लगी है। उसके शरीर पर मेडिकल में चोट के 35 निशान मिले हैं। उसे पुलिस ने एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। पुलिस को मौके पर मिली चप्पलें
पुलिस को कुएं के पास दोनों युवकों की चप्पलें भी मिली है। इसके अलावा खेत के कटीले तार पर भी खून के निशान मिले हैं। इसके अलावा चंद्रवीर का लोअर भी पड़ा मिला है। गांव में फोर्स तैनात घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। मौके पर एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह के साथ तीन थानों की पुलिस फोर्स ने स्थिति को संभाला। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया है। शक के आधार पर तीन संदिग्धों अभिषेक, रामू व विजय सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जिनमें से अभिषेक का मेडिकल कराया गया है। वहीं एसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। गांव में भारी तनाव युवक की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में तीन थानों का पुलिस बल मौजूद है। वहीं परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

Leave a Reply