आगरा में सोमवार शाम को यमुना में नहाने गए दो किशोर डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना एत्माद्दौला और कमला नगर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों किशोरों की तलाश की जा रही है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सोमवार शाम करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि यमुना में नहाने उतरे दो किशोर गहरे पानी में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किशोरों के परिजनों को सूचना दी गई। वो भी मौके पर पहुंच गए। जहां पर युवक नहा रहे थे, वो क्षेत्र कमला नगर में आता है। ऐसे में कमला नगर पुलिस भी आ गई।
डूबने वाले किशोरों की पहचान हर्षित (14 वर्ष) पुत्र सतीश, निवासी लाल मस्जिद वाटर वर्क्स और राहुल (17 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र कुमार, निवासी लाल मस्जिद वाटर वर्क्स के रूप में हुई है। लोगों ने बताया कि मेट्रो के लिए बनाए जा रहे पुल के निर्माण कार्य के पास वो बैठे थे। इसके बाद वो नहाने के लिए उतर गए। फिर गहरे पानी में डूबने लगे। जानकारी होने पर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई है। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया है। उनकी मदद से दोनों की तलाश की जा रही है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Leave a Reply