DniNews.Live

आगरा में चोरी कबूलवाने के लिए युवक को लगाया करंट:चौकी इंचार्ज समेत पांच पर केस दर्ज, जांच शुरू

आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र में बेलनगंज में दुकान में हुई चोरी के एक साल पुराने मामले में पुलिस फंस गई है। चोरी के आरोप में जेल भेजे गए युवक ने गुदड़ी मंसूर खां चौकी इंचार्ज पर थाने में पीटने और करंट लगाने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर छत्ता थाने में दर्ज हुए मुकदमे में चौकी इंचार्ज के साथ ही चोरी की शिकायत करने वाले व्यापारी सहित पांच लोगों को नामजद किया गया है। ओमवीर सिंह तोमर ने आरोप लगाया है कि वह बेलनगंज पथवारी में स्थित भजनलाल होत चंदानी की आरएस पावर टूल्स नाम से दुकान पर 15 हजार रुपये में नौकरी करता था। चोरी से कुछ दिन पहले ही उसने नौकरी छोड़ दी थी। दुकान में चोरी हो गई और उसे फंसा दिया गया। ओमवीर सिंह ने कहा कि 26 अगस्त 2025 को गुदड़ी मंसूर खां के तत्कालीन चौकी इंचार्ज सुखवेंद्र सिंह ने उसे गिरफ्तार कर थाने में पीटने के साथ ही नाजुक अंग में करंट लगाया। उसने तर्क दिया कि दुकान में 22 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उन्हें चेक कर लो। लेकिन चौकी इंचार्ज ने उसकी नहीं सुनी और न ही कैमरे चेक किए। इंस्पेक्टर छत्ता अंकुर मलिक ने बताया कि दुकान में हुई चोरी के मामले में ओमवीर सिंह तोमर सहित तीन लोग जेल गए थे। उनकी निशानदेही पर चोरी का माल भी बरामद किया गया है। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *