आगरा के फतेहपुर सीकरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव दूरा स्थित दुर्वासागढ़ गौशाला में रविवार दोपहर को बड़ी संख्या में अचानक गायों की मौत हो गई। गोशाला की गायें चारा खाने गई थीं। चारा खाते समय अचानक एक के बाद एक गाय मरने लगी। देखते ही देखते 30 गाय बीमार हो गई। उनके मुंह से झाग निकलने लगा। वो तड़पने लगी। करीब 18 गायों ने दम तोड़ दिया। इससे हड़कंप मच गया। सूचना पर पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गायों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बीमार गायों का उपचार किया जा रहा है। दूरा गांव में महावीर सिंह गौशाला चलाते हैं। गोशाला से करीब 60 गाय रोजाना पानी पीने और चारा खाने के लिए बाहर जाती हैं। रविवार को भी गाय दोपहर में चारा खाने निकली। थोड़ी देर में कई गायें अचानक बेहोश होकर गिरने लगी। उनके मुंह से झाग निकलने लगा। गायों को लेकर आए गोशाला के कर्मचारी घबरा गए। उन्होंने गोशाला संचालक को सूचना दी। देखते ही देखते कई गायों ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया। अचानक बड़ी संख्या में गायों की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस टीम, पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित टीमें मौके पर पहुंच गईं। बताया गया है कि 18 गायों की अचानक मौत हो गई। करीब 12 गायों की हालत खराब है।
पशु चिकित्सा अधीक्षक के नेतृत्व में टीम द्वारा बीमार एवं प्रभावित गायों का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया तथा उन्हें वैक्सीनेशन भी दिया जा रहा है। मृत गायों के सैंपल लेकर पोस्टमार्टम एवं लैब जांच के लिए भेज दिए गए हैं, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
वहीं, प्रशासन की देखरेख में जेसीबी मशीन की सहायता से मृत गायों का नियमानुसार अंतिम निस्तारण (दफन) किया जा रहा है, जिससे किसी प्रकार के संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके।
फिलहाल, गायों की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम एवं लैब रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग सतर्कता के साथ जांच में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply