राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कला कार्यशाला में आगरा के कलाकार हिमांशु ने अपनी कलाकृति से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी पेंटिंग को उत्कृष्ट मानते हुए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। उत्कर्ष ललित कला अकादमी की ओर से इन्वर्टिस विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय कला कार्यशाला का रविवार को समापन हुआ। इस दौरान प्रांत संघ चालक शशांक भाटिया ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण लोग अकेलेपन का शिकार हो रहे हैं, ऐसे में परिवार के साथ समय बिताना जरूरी है। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर देते हुए बच्चों को फास्ट फूड से दूर रखने की अपील की। कार्यशाला में कलाकारों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्षों की यात्रा को विभिन्न कलात्मक रूपों में प्रस्तुत किया। इसी क्रम में आगरा के हिमांशु की पेंटिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसके लिए उन्हें उत्कृष्ट कलाकृति का पुरस्कार दिया गया। उनकी पेंटिंग में संघ के प्रमुख व्यक्तित्वों को दर्शाया गया था— डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार: पेंटिंग में सबसे ऊपर बाईं ओर काली टोपी में संघ के संस्थापक और पहले सरसंघचालक को दर्शाया गया। एम. एस. गोलवलकर (श्री गुरुजी): हेडगेवार जी के नीचे लंबी दाढ़ी वाले रूप में संघ के दूसरे सरसंघचालक को दिखाया गया। नरेंद्र मोदी: पेंटिंग के निचले हिस्से में भारत के वर्तमान प्रधानमंत्री को दर्शाया गया, जो स्वयं संघ के स्वयंसेवक रहे हैं। समापन समारोह के मुख्य अतिथि वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो वाइस चांसलर ने की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रोशनी अग्रवाल, ओम प्रकाश सिंह, सरोज रानी, हिमांशु कुमार, शुभम राठौर, त्रप्ति रंजन और विकास को दस-दस हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। कला के क्षेत्र में विशेष योगदान हेतु शिवेंद्र सिंह, कावेरी विज, रामशब्द सिंह, अनंता कटियाल, नम्रता स्वर्णकार, मधु, कुमकुम भारद्वाज, नवल किशोर और वीरेंद्र वर्मा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया। इस अवसर पर इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के शरद शर्मा, उत्कर्ष ललित कला अकादमी के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह पुंडीर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन सेवा भारती महानगर का वार्षिकोत्सव नैनीताल मार्ग स्थित कांति कपूर बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता फिजिशियन डॉ. शरद अग्रवाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नेत्र सर्जन डॉ. अमित राठौर उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता क्षेत्र सेवा प्रमुख धनीराम ने सेवा भारती के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नाटकों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। विशेष रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाटक को खूब सराहना मिली। इस दौरान मदन लाल, अंकित कुमार, दिनेश कुमार शर्मा, डॉ. धनपाल शर्मा, मंत्री राहुल गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply