आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग स्टाफ की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। रविवार को यहां 202 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। नए स्टाफ के जुड़ने से नर्सिंग व्यवस्था में करीब एक-तिहाई की वृद्धि हुई है और कुल संख्या अब लगभग 600 तक पहुंच गया है। यह नियुक्ति कार्यक्रम दो स्तरीय रहा। प्रदेशभर में 1200 से अधिक नर्सिंग अधिकारियों का चयन हुआ है, जिनमें 1128 महिला स्टाफ शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों में से कुछ को लखनऊ के लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीधे नियुक्ति पत्र सौंपे, जबकि बाकी अभ्यर्थी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े और उन्हें बधाई दी गई। आगरा में आयोजित कार्यक्रम कॉलेज के मेडिसिन विभाग में हुआ, जहां 202 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और कॉलेज के प्राचार्य प्रशांत गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही है। उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों को बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के नियुक्ति पत्र मिले हैं। उन्होंने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे मरीजों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, लंबे समय से नर्सिंग स्टाफ की कमी के कारण अस्पताल की व्यवस्थाओं पर दबाव बना हुआ था। अब 202 नए नर्सिंग अधिकारियों के जुड़ने से यह कमी काफी हद तक दूर होगी। इससे मरीजों को बेहतर देखभाल और समय पर इलाज मिल सकेगा, वहीं अस्पताल की ओपीडी, इमरजेंसी और वार्ड सेवाएं भी अधिक सुदृढ़ होंगी।

Leave a Reply