डीएम डॉ. वी.के. सिंह ने विकास भवन सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अनुपस्थित विभागीय नोडल अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने और उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को जनशिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोपरि है और अधिकारियों की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन प्राप्त फीडबैक के आधार पर किया जाएगा। समीक्षा के दौरान, जिन विभागों की शिकायतों पर प्राप्त फीडबैक में 100 प्रतिशत असंतुष्टि पाई गई, उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, 50 प्रतिशत तक असंतोषजनक फीडबैक वाले विभागों को चेतावनी जारी की गई है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक शिकायत का समाधान संतोषजनक रूप से हो सके। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कटारिया, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्वेतांक सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply