DniNews.Live

आंबेडकर यूनिवर्सिटी के छलेसर कैंपस में छात्र संग मारपीट:लहुलुहान हुए छात्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, कुलपति ने दिए डिबार के आदेश

आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के छलेसर कैंपस में बी-फार्मा छात्र आकाश पर जानलेवा हमले का आरोप लगा है। पीड़ित के अनुसार गणेश मंदिर के पास कुछ छात्रों ने उसे घेरकर मारपीट की, जिसमें उसका सिर फट गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद बताई जा रही है, जबकि छात्र ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित छात्र का आरोप है कि हॉस्टल में रहने वाले बीटेक छात्र रविंद्र, आलोक और डी-फार्मा छात्र आकाश पिछले कई दिनों से उसे धमका रहे थे। उसने कहा कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उसे घेरकर धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित छात्र पहले भी हॉस्टल में दबंगई, गाली-गलौज और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं और कई छात्रों को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। उसके मुताबिक, हॉस्टल में लंबे समय से इनका खौफ बना हुआ था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मारपीट के बाद पीड़ित ने अपना वीडियो जारी कर पूरी घटना का जिक्र किया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और कैंपस में छात्रों के बीच नाराजगी बढ़ गई। सोशल मीडिया पर भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
मामले पर कुलपति प्रो. आशु रानी ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, आरोप सही पाए जाने पर दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और डिबार करने की बात कही गई है।
घटना के बाद कैंपस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि यदि पहले शिकायतों पर ध्यान दिया जाता, तो ऐसी घटना टाली जा सकती थी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *