DniNews.Live

आंधी से पेड़ गिरा, 30 गांवों की बिजली गुल:जालौन में रात भर अंधेरे में रहे ग्रामीण, पीने के पानी की भी परेशानी रही

जालौन जनपद के सिरसा कलार क्षेत्र में मंगलवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। भीषण अंधड़ के चलते एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर मुख्य बिजली लाइन पर जा गिरा, जिससे करीब 30 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अचानक अंधेरा छाने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गर्मी के बीच बिजली गुल होने से हालात और बिगड़ गए। पूरी रात पंखे, कूलर और अन्य उपकरण बंद रहने से बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बेहाल रहे। वहीं मच्छरों के प्रकोप ने ग्रामीणों की नींद हराम कर दी। लोगों को रातभर जागकर समय काटना पड़ा। बुधवार सुबह तक बिजली बहाल न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया। मोटर न चल पाने के कारण गांवों में पानी की आपूर्ति बाधित रही, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हुए। ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखने को मिला। राजेंद्र कुशवाहा, फंटूश सेंगर, कुलदीप भदौरिया, अमित मिश्रा, संजय गुप्ता और सरमन पुरवार सहित कई लोगों ने कहा कि गर्मी शुरू होते ही बिजली व्यवस्था चरमराने लगती है, जिससे हर साल यही परेशानी झेलनी पड़ती है। उधर, विद्युत विभाग के जेई अभिषेक सिंह ने बताया कि तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने से लाइन में फाल्ट हुआ है। विभागीय टीम को मौके पर भेज दिया गया है और तेजी से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। फिलहाल, ग्रामीण बिजली बहाली का इंतजार कर रहे हैं और गर्मी व पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *