आंधी-बारिश से नुकसान के लिए हेलप्लाइन नंबर जारी:हरदोई में कृषि विभाग को 14447 पर दें सूचना, मिलेगी राहत
![]()
आंधी-बारिश से नुकसान के लिए हेलप्लाइन नंबर जारी:हरदोई में कृषि विभाग को 14447 पर दें सूचना, मिलेगी राहत
हरदोई में आई तेज आंधी और देर शाम हुई बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कल रात लगभग 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। इससे खड़ी फसलों पर असर पड़ा है। हालांकि, अधिकांश क्षेत्रों में फसल क्षति सीमित बताई जा रही है, लेकिन कुछ स्थानों पर फसलें झुक गई हैं और कटाई का काम प्रभावित हुआ है। किसानों को राहत प्रदान करने के लिए कृषि विभाग ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश के कृषि निदेशक सतीश कुमार पांडे ने बताया कि जिन किसानों ने फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसलों का बीमा कराया है, वे टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल करके अपने नुकसान की सूचना दर्ज करा सकते हैं।
पांडे ने स्पष्ट किया कि फसल नुकसान की सूचना घटना के 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य है, तभी बीमा का लाभ मिल सकेगा। इसके अलावा, किसान अपने नजदीकी किसान उपनिदेशक कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय या विकास खंड स्थित विभागीय स्टोर पर भी जाकर लिखित या मौखिक रूप से जानकारी दे सकते हैं। कृषि विभाग के अनुसार, जिन किसानों ने फसल बीमा नहीं कराया है, वे भी प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की सूचना संबंधित विभागीय अधिकारियों को दे सकते हैं। इसके बाद प्रशासन द्वारा मौके पर सर्वे कराया जाएगा और पात्र किसानों को आपदा राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कृषि विभाग ने सभी किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी फसल क्षति की सूचना अवश्य दें, ताकि उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
