DniNews.Live

अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी,3 लाख मांगी रंगदारी:बलरामपुर में युवती की फोटो-वीडियो के नाम पर परिवार को धमकी दी

बलरामपुर के जरवा थाना क्षेत्र में साइबर ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक पर युवती की तस्वीरें और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 3 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अशरफ के रूप में हुई है। उसका पहले युवती से संपर्क था, लेकिन परिवार को जानकारी होने के बाद यह संपर्क बंद करा दिया गया। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर परिवार को गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और पैसों की मांग करने लगा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी कई महीनों से इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर युवती की तस्वीरें और अश्लील वीडियो पोस्ट कर रहा था। वह इन पोस्ट के स्क्रीनशॉट भेजकर परिवार पर दबाव बनाता और 3 लाख रुपये की मांग करता था। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि रकम न देने पर आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था। लगातार नंबर बदलकर वह परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आखिरकार पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, जिसके आधार पर जरवा कोतवाली में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फिलहाल क्षेत्र से बाहर है। उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *