मुजफ्फरनगर के सुजड़ू चुंगी चौराहे पर स्थित अशोक की लाट हटाने और स्वाधीनता चौक का नाम बदलने के प्रस्ताव का विरोध शुरू हो गया है। विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष पति गौरव स्वरूप से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया। संयुक्त हिंदू मोर्चा के अध्यक्ष मनोज सैनी के आह्वान पर साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट, शिवसेना और सैनी सभा से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आपत्ति जताई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अशोक की लाट ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जिसे हटाना उचित नहीं है। कार्यकर्ताओं ने स्वाधीनता चौक का नाम बदलने के प्रस्ताव का भी कड़ा विरोध किया। उन्होंने इसे जनभावनाओं के खिलाफ बताते हुए प्रशासन से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की। इस दौरान गौरव स्वरूप ने सभी की बातें सुनीं और आश्वासन दिया कि अशोक की लाट को हटाया नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि लाट का भव्य सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वाधीनता चौक का नाम भी नहीं बदला जाएगा। इस मौके पर क्रांतिकारी शालु सैनी, लोकेश सैनी, अरविंद सैनी सहित कई संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply