लखनऊ के अलीगंज स्थित मां सिद्धेश्वरी माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मंदिर परिसर भक्तों की भीड़ से गुलजार रहा। मां ब्रह्मचारिणी की पूजा के लिए मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने पूरे माहौल को दिव्यता से भर दिया। इस अवसर पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से मां के भजन गाए और वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने माता को छप्पन भोग, फल और विशेष प्रसाद अर्पित किया। पूरे क्षेत्र में नवरात्रि की शुरुआत से ही उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। शंख और घंटियों से गुंजा मंदिर परिसर शास्त्रीय मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन संपन्न हुआ। मुख्य पुजारी रामजी मिश्रा और शिवानंद उपाध्याय ने पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान मयंक बजाज और विजय वर्मा मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। शंख और घंटियों की गूंज से मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिरस में डूब गया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से माँ के भजन गाए शाम को मंदिर में विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लिया। ‘अम्बे तू है जगदम्बे काली’, ‘जय अम्बे गौरी, मैया जय श्यामा गौरी’, ‘मैया तेरे चरणों में सुख मिलता है’, ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ और ‘मेरी झोली छोटी पड़ गई रे, माता तेरे भंडारे में’ जैसे भजनों ने माहौल को और भी भावपूर्ण बना दिया। भक्तों ने माता रानी से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

Leave a Reply