अरवल जिला मुख्यालय में लगातार लग रहे महाजाम से आमजन को राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिलाधिकारी अमृषा बैंस के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृति कमल की संयुक्त अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने बताया कि जाम की समस्या को खत्म करने के लिए शहर के छह प्रमुख स्थलों को चिन्हित किया गया है। इनमें कोरियम, प्रसादी इंग्लिश, भगत सिंह चौक उमैराबाद, उमैराबाद नहर पुल, महुआ बाग-सहार पुल और अन्य संवेदनशील प्वाइंट शामिल हैं। इन स्थानों पर विशेष रूप से ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि बिहार के विभिन्न जिलों को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग 139 अरवल से होकर गुजरता है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों का दबाव रहता है। सड़क की संकीर्णता और सोन नदी से हो रहे बालू खनन के कारण बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। प्रशासनिक योजना के तहत 24 घंटे ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की दो गाड़ियां लगातार गश्त पर रहेंगी। इसके अतिरिक्त, चार मोटरसाइकिलें तैनात की गई हैं, जिनमें से दो नहर रोड, एक जहानाबाद रोड और एक अरवल बाजार क्षेत्र में सक्रिय रहेगी। जाम प्रभावित क्षेत्रों में खनन, परिवहन, पुलिस और गृह रक्षा वाहिनी के 40 जवान तैनात किए गए हैं। एसडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रसादी इंग्लिश से बैदराबाद तक किसी भी स्थिति में जाम नहीं लगना चाहिए। सभी तैनात कर्मियों को क्षेत्र की वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए उनकी जवाबदेही तय कर दी गई है। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। प्रशासन की इस पहल से अरवल शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद है।
https://ift.tt/uCUlZPA
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply