DniNews.Live

अयोध्या में 30 मार्च से गेहूं खरीद शुरू:27 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य, 54 केंद्र और 2800 किसानों का पंजीकरण

अयोध्या में इस वर्ष सरकारी गेहूं खरीद अभियान तय समय से दो दिन पहले, 30 मार्च से शुरू किया जाएगा। पहले यह प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू होती थी, लेकिन इस बार प्रशासन ने किसानों को अधिक समय और सुविधा देने के उद्देश्य से तिथि में बदलाव किया है। जिला विपणन अधिकारी धनंजय सिंह के मुताबिक इस बार भी 27 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य आवंटित किया गया है, जो पिछले वर्ष के बराबर है। खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जनपद में कुल 54 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीदा जाएगा। इस वर्ष सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार अब तक लगभग 2,800 किसानों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। अधिकारियों का कहना है कि बिना पंजीकरण के खरीद संभव नहीं होगी, इसलिए शेष किसान जल्द से जल्द अपना पंजीकरण पूरा कर लें। इसके लिए विभाग द्वारा जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। गेहूं खरीद की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है, जिससे किसानों को पर्याप्त समय मिल सके। इस पूरी प्रक्रिया में पांच प्रमुख एजेंसियां शामिल होंगी, जिनमें खाद्य विभाग, पीसीएफ, यूपीएसएस, खाद्य निगम और मंडी समिति शामिल हैं। सभी एजेंसियों को पारदर्शिता और समयबद्ध खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान स्थिति की बात करें तो जिले में गेहूं की फसल अभी खेतों में खड़ी है। विशेषज्ञों के अनुसार कटाई शुरू होने में अभी लगभग 10 दिन का समय लगेगा। वहीं 15 अप्रैल के बाद कटाई में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में खरीद केंद्रों पर अप्रैल के मध्य से आवक बढ़ने की संभावना है। प्रशासन का दावा है कि इस बार खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुगम और किसानों के हित में बनाया गया है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *