अयोध्य के थाना कैंट क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक सनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था। घटना को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए क्षेत्राधिकारी नगर श्री यश से मुलाकात कर न्याय की मांग की है। ग्राम घाटमपुर निवासी शनि 5 मार्च 2026 की शाम अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। चार दिन बाद 9 मार्च को सूचना मिली कि युवक का शव रानीपुर क्षेत्र के एक सरसों के खेत में पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव पर चोट के निशान देखे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई। परिवार का आरोप है कि शनि को गांव के ही कुछ लोगों के साथ आखिरी बार देखा गया था। इसी आधार पर उन्होंने नामजद आरोपियों पर हत्या कर शव खेत में फेंकने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध कराने और सरकारी मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे समाज के लोगों के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस मामले में क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply