DniNews.Live

अयोध्या में मौसम बदला, रात में हुई तेज बारिश:पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, अगले 24 घंटे आंधी-बारिश की संभावना, आकाश में छाए बादल

अयोध्या में देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे दिनभर की गर्मी से राहत मिली। हालांकि, इस बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह परिवर्तन आया है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले 24 घंटों तक क्षेत्र में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी प्रबल संभावना है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह स्थिति फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकती है, इसलिए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में पहाड़ी इलाकों में तापमान कम है, जबकि पूर्वी क्षेत्रों में गर्मी बनी हुई है। पश्चिमी छोर से आने वाली ठंडी हवाएं जब पूर्वी गर्म हवाओं से टकराती हैं, तो वातावरण में अस्थिरता उत्पन्न होती है, जिससे इस प्रकार का मौसम परिवर्तन होता है। डॉ. मिश्रा के अनुसार, ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज हवाएं मैदानी क्षेत्रों की ओर बढ़ रही हैं। वहीं, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में निचले स्तर पर बादलों की परत बन गई है। पश्चिमी और पूर्वी हवाओं के इस टकराव से ही आंधी और बारिश जैसी मौसमी गतिविधियां हो रही हैं, जिनके जल्द समाप्त होने की उम्मीद है। किसानों को सलाह देते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि जिन तिलहनी फसलों की कटाई हो चुकी है या जो खेतों में पड़ी हैं, उन्हें संभावित बारिश और ओलावृष्टि से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर रख लें। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अयोध्या में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता 48 से 88 प्रतिशत के बीच रही। हवा की गति 2.2 किलोमीटर प्रति घंटा और दिशा उत्तर-पूर्वी दर्ज की गई, जबकि वर्षा शून्य मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *