अयोध्या जिले में खराब मौसम की आशंका के चलते किसानों ने गेहूं की कटाई और मड़ाई में तेजी ला दी है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए किसान जल्द से जल्द फसल को सुरक्षित करने में जुटे हैं, ताकि बारिश या तेज हवा से नुकसान न हो। खेतों में इन दिनों कटाई का कार्य तेजी से चल रहा है। उप कृषि निदेशक डॉ. पी.के. कनौजिया ने बताया कि इस वर्ष जिले में लगभग 1 लाख 2 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की बुवाई की गई है। उन्होंने कहा कि फसल इस बार अच्छी हुई है और उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद है। हालांकि, मौसम की अनिश्चितता के कारण किसान जोखिम नहीं लेना चाहते और तेजी से मड़ाई कर रहे हैं। किसानों को राहत देते हुए प्रशासन ने 30 मार्च से गेहूं खरीद शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। जिले के 11 विकासखंडों में कुल 54 गेहूं क्रय केंद्र बनाए गए हैं, जहां किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जाएगा। इस वर्ष जिले के लिए 27 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक करीब 3000 किसानों ने अपनी उपज बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। जिला विपणन अधिकारी धनंजय सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए क्रय केंद्रों पर बैठने और पेयजल की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन का लक्ष्य है कि खरीद प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए, जिससे किसानों को समय पर उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।

Leave a Reply