DniNews.Live

अयोध्या में टेम्प्रेचर 31.5°C:कल हुई बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट, अगले दो दिन ऐसे ही रहेगा मौसम

अयोध्या में हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया है। जहां पहले उमस भरी गर्मी थी, वहीं अब सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है। अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। 20 मार्च को अयोध्या जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। पिरखौली और सोहावल क्षेत्र में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। इस बारिश के बाद से तापमान में लगातार गिरावट आई है, जिसके कारण सुबह-शाम ठंडक का अहसास हो रहा है और लोग फिर से गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि यह बारिश पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंगाल की खाड़ी से बने पश्चिमी विक्षोभ के चलते जहां-जहां पूर्वी और पश्चिमी हवाओं का टकराव हुआ, वहां वर्षा दर्ज की गई। डॉ. मिश्रा ने यह भी बताया कि कुछ क्षेत्रों में फसलों को नुकसान हुआ है। हालांकि, तेज बारिश न होने से बड़ा नुकसान टल गया। कुछ इलाकों में ओले गिरने से फसलों को क्षति पहुंची है। कृषि मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य) और न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस (सामान्य) रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 96 प्रतिशत और न्यूनतम 42 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की गति 2.0 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जिसकी दिशा दक्षिणी-पश्चिमी रही।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *