अयोध्या मंडल समेत कई जिलों में 30 मार्च से 1 अप्रैल तक हल्की से मध्यम वर्षा होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इस दौरान किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पहले ही बारिश हो चुकी है। डॉ.सीताराम मिश्रा के अनुसार, आगामी दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी तैयार रबी फसलों की कटाई के बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। मौसम साफ होने पर ही मड़ाई का कार्य करें। उन्होंने यह भी बताया कि जिन फसलों को सिंचाई की आवश्यकता है, उनमें फिलहाल सिंचाई न करें। आगामी दिनों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। वर्तमान में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य है। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस है, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अगले एक-दो दिन मौसम ठीक रहेगा, लेकिन उसके बाद खराब होने का पूर्वानुमान है। आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि वर्षा की की भी संभावना है। अन्य मौसम संबंधी आंकड़े इस प्रकार हैं: अधिकतम आर्द्रता 83 प्रतिशत न्यूनतम आर्द्रता 42 प्रतिशत हवा की गति 2.5 किमी/घंटा दक्षिणी-पश्चिमी दिशा चल रही है।

Leave a Reply