अयोध्या के 1.25 लाख छात्र करेंगे AI कोर्स:योगी सरकार का 11वीं-12वीं के छात्रों को मुफ्त ऑनलाइन तोहफा


                 अयोध्या के 1.25 लाख छात्र करेंगे AI कोर्स:योगी सरकार का 11वीं-12वीं के छात्रों को मुफ्त ऑनलाइन तोहफा

अयोध्या के 1.25 लाख छात्र करेंगे AI कोर्स:योगी सरकार का 11वीं-12वीं के छात्रों को मुफ्त ऑनलाइन तोहफा

अयोध्या में नए शिक्षा सत्र से कक्षा 11 और 12 के 1.25 लाख छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का मुफ्त ऑनलाइन कोर्स कराया जाएगा। जिले के 446 इंटर कॉलेजों के विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। योगी सरकार ने माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कॉलेजों के छात्रों के लिए यह अवसर प्रदान किया है। अब तक बड़े निजी संस्थानों में मोटी फीस देकर किए जाने वाले एआई कोर्स की सुविधा अब सरकारी स्कूलों के छात्रों को भी निशुल्क मिलेगी। मुख्य सचिव की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को इस संबंध में तत्काल प्रभाव से आदेश लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। यह मुफ्त ऑनलाइन कोर्स 15 अप्रैल से शुरू होगा और 60 दिनों तक चलेगा। छात्रों के पंजीकरण की प्रक्रिया 2 अप्रैल से शुरू होकर 7 अप्रैल तक चलेगी। सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस दौरान अधिकतम संख्या में छात्रों का पंजीकरण सुनिश्चित करें। यह कार्यक्रम महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गोरखपुर द्वारा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। कोर्स पूरी तरह से ऑनलाइन और निःशुल्क होगा। सफलतापूर्वक कोर्स पूरा करने वाले छात्रों को दो क्रेडिट बिंदु के साथ प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इस पहल को छात्रों के भविष्य को उज्जवल बनाने और उन्हें रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एआई जैसी उभरती तकनीक से परिचित होकर छात्र भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन तिवारी ने बताया कि शासन से प्राप्त आदेश के बाद सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को सर्कुलर भेज दिया गया है।


Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Puri Khabar Yahan Padhein